हरिद्वार में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह: भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु
हरिद्वार के भूपतवाला स्थित रामपुर पुष्प आश्रम, सुखी नदी के समीप, मंडी गोबिंदगढ़ धर्मशाला के बराबर वाली धर्मशाला में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस दिव्य कथा का वाचन परम पूज्य कथा व्यास श्री विशाल भाई द्वारा अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव से किया जा रहा है।
कथा के दौरान श्री कृष्ण जन्म और रुक्मिणी विवाह का वर्णन इतना भावपूर्ण और जीवंत था कि उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमने, गाने और नृत्य करने लगे। पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और हर ओर “जय श्री कृष्ण” के उद्घोष गूंजने लगे।
कथा व्यास श्री विशाल भाई ने अपने प्रवचनों में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन के कल्याण का अमृत है। इसके श्रवण मात्र से मनुष्य के सभी दुख, कष्ट और संताप दूर हो जाते हैं तथा जीवन में सुख-समृद्धि और सौभाग्य का उदय होता है।
इस पावन आयोजन की यजमान गुजरात से आईं श्रद्धालु हंसाबेन हैं। उन्होंने इस दिव्य कथा का आयोजन कर श्रद्धालुओं को पुण्य अर्जित करने का अवसर प्रदान किया। हंसाबेन ने भावुक होकर कहा कि उनके जीवन का यह अत्यंत महत्वपूर्ण और सौभाग्यशाली क्षण है कि उन्हें धर्मनगरी हरिद्वार में इस पावन कथा के श्रवण का अवसर प्राप्त हुआ।
यह कथा सप्ताह क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित होकर कथा का आनंद ले रहे हैं।
हरिद्वार में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह: भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु

