भक्ति और आस्था के संग शुभारंभ: भूमा निकेतन आश्रम में श्रीमद् भागवत कथा का प्रथम दिवस रहा अत्यंत मंगलमय

भक्ति और आस्था के संग शुभारंभ: भूमा निकेतन आश्रम में श्रीमद् भागवत कथा का प्रथम दिवस रहा अत्यंत मंगलमय
हरिद्वार की पावन भूमि, देवभूमि उत्तराखंड स्थित सिद्धपीठ भूमा निकेतन आश्रम में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ हुआ। कथा के प्रथम दिवस पर वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में जय श्री कृष्ण के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। इसके पश्चात पतित पावनी माँ गंगा का विधि-विधान से दुग्ध अभिषेक किया गया, जिसमें भक्तों ने आस्था और श्रद्धा के साथ भाग लिया।
कथा व्यास श्री वेद प्रकाश जी का आयोजन स्थल पर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। वहीं अनन्त श्री विभूषित स्वामी अच्युतानन्द तीर्थ जी महाराज के मुखारविंद से प्राप्त दिव्य आशीर्वचनों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
इस पावन आयोजन के मुख्य यजमान श्री श्याम सुन्दर गुप्ता जी, श्रीमती सीता गुप्ता जी एवं समस्त गुप्ता परिवार (बसन्त विहार, नई दिल्ली) हैं, जिन्होंने सभी श्रद्धालु भक्तों को इस अलौकिक सत्संग में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने के लिए सादर आमंत्रित किया है।
कथा का आयोजन 19 मई से 25 मई 2026 तक प्रतिदिन अपराह्न 3:30 बजे से सायं 7:00 बजे तक किया जाएगा। वहीं 26 मई 2026 को दोपहर 12:00 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
भूमा परिवार द्वारा आयोजित इस आध्यात्मिक महोत्सव में श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसपान करें और अपने जीवन को धन्य बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!