विद्युत विभाग की लापरवाही पर भड़के व्यापारी, जर्जर पोल और लटकते तारों को तुरंत बदलने की मांग
हरिद्वार में विद्युत विभाग की लापरवाही और जर्जर व्यवस्थाओं को लेकर व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी और ज्वालापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष व पार्षद हरविंद्र सिंह (भारतीय जनता पार्टी) के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रोशनाबाद स्थित अधीक्षण अभियंता प्रदीप कुमार को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
सुनील सेठी ने कहा कि शहर में भूमिगत विद्युत लाइनों में कई स्थानों पर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। विशेषकर बरसात के मौसम में यह स्थिति जनहित के लिए बड़ी समस्या बन सकती है। उन्होंने जर्जर पोल, खुले पोल बॉक्स और क्षतिग्रस्त भूमिगत लाइनों को तत्काल बदलने की मांग की। साथ ही ठेकेदारों द्वारा कार्य में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई।
उन्होंने यह भी कहा कि गर्मी के मौसम में बिना सूचना के की जा रही अघोषित विद्युत कटौती से व्यापारी, स्थानीय जनता और श्रद्धालु सभी परेशान हो रहे हैं। इसलिए आवश्यकता पड़ने पर ही बिजली बंद की जाए और उससे पहले उचित सूचना दी जाए।
वहीं ज्वालापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष हरविंद्र सिंह ने क्षेत्र में झूलते और लटकते बिजली के तारों को दुर्घटना का बड़ा कारण बताते हुए उन्हें शीघ्र बदलने और जर्जर पोल हटाने की मांग की। उन्होंने गर्मी के मौसम में ज्वालापुर क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस दौरान भूषण लाल अरोड़ा, अजय अनेजा, सुरेंद्र नरूला, सौरभ अरोड़ा और सोनू चौधरी सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग की।
विद्युत विभाग की लापरवाही पर भड़के व्यापारी, जर्जर पोल और लटकते तारों को तुरंत बदलने की मांग

