बाबा टहलदास भवन में भव्य संत भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ
हरिद्वार के श्रवण नाथ नगर स्थित बाबा टहलदास सेवक मंडल धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा हरमिलाप के सामने वाली गली में स्थित बाबा टहलदास भवन में वार्षिक अधिवेशन के शुभ अवसर पर एक विशाल एवं भव्य संत भंडारे का आयोजन अत्यंत श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन आयोजन में बड़ी संख्या में संत महापुरुषों, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने सहभाग कर धर्म लाभ प्राप्त किया। संपूर्ण वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम में श्री संत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष, प्रातः स्मरणीय महामंडलेश्वर स्वामी श्री भगवत स्वरूप जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने अपने आशीर्वचनों में कहा कि संत महापुरुषों का सानिध्य मनुष्य जीवन को सफल और कल्याणकारी बनाता है। गुरु भक्ति, सत्संग और सेवा को उन्होंने मानव जीवन की सच्ची पूंजी बताया, जिससे समाज में प्रेम, सद्भाव और संस्कारों का विस्तार होता है।
इस अवसर पर विद्वान कथावाचक आचार्य राकेश उपाध्याय शास्त्री ने धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि संतों का मार्गदर्शन समाज को सत्य और धर्म के मार्ग पर अग्रसर करता है।
कार्यक्रम में साकेत आहूजा, अविनाश विनायक, अनिल पुरी, जगदीश लाल आहूजा एवं महेंद्र शत्रुघ्न दास जी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संत महापुरुषों की महिमा का गुणगान किया और समाज सेवा व आध्यात्मिक जीवन अपनाने का संदेश दिया। उनके विचारों से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
अंत में विशाल संत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें संतों, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरा बाबा टहलदास भवन भक्ति गीतों, जयघोषों और संतों के आशीर्वचनों से गूंज उठा।
इस आयोजन को सफल बनाने में प्रधान साकेत आहुजा, महामंत्री अविनाश विनायक, भवन मंत्री अनिल परुथी, जगदीश आहूजा और सुरेश जी का विशेष योगदान रहा।
बाबा टहलदास भवन में भव्य संत भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ

