हरिद्वार। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के तत्वावधान में चंडीघाट स्थित कुष्ठ आश्रम में छोटे बच्चों और उनके परिवारों के साथ भव्य फूलों की होली मनाई गई। इस अवसर पर बच्चों को पिचकारी, गुब्बारे, मिठाइयां और उपहार वितरित कर त्योहार की खुशियां बांटी गईं।कार्यक्रम का नेतृत्व महासभा के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने किया। उन्होंने पंजाबी समाज के सम्मानित साथियों के साथ मिलकर जरूरतमंद परिवारों के बीच होली के रंग और खुशियां साझा कीं।इस अवसर पर सुनील सेठी ने कहा कि होली हर्षोल्लास और उमंग का पर्व है तथा खुशियां बांटने से बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि महासभा हर वर्ष विभिन्न बस्तियों में साथियों के साथ मिलकर इसी भावना से होली मनाती है। उन्होंने समाज से अपील की कि त्योहारों की खुशियां उन परिवारों तक भी पहुंचाएं, जो इनसे वंचित रह जाते हैं। सेवा और समर्पण भाव के साथ पंजाबी समाज सदैव सर्व समाज हित में जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रयासरत रहा है और आगे भी ऐसे आयोजन करता रहेगा।इस दौरान ज्वालापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय पंजाबी समाज से जुड़े वरिष्ठ साथी हरविंद्र सिंह ने कहा कि सभी संगठनों को त्योहारों के अवसर पर जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि हर बच्चा और हर परिवार खुशियों के साथ अपने पर्व मना सके। उन्होंने सभी से होली प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने, नशे से दूर रहने तथा तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चलाने से बचने की अपील की।कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुनील मनोचा, रवि बांगा, प्रशांत लाम्बा, सौरभ अरोड़ा, अर्पण कोचर, अमित बजाज, मुरारी लाल बाधवा, मुकेश अग्रवाल, लक्की अनेजा, ओमवीर सिंह, अजय अनेजा, भूषण लाल अरोड़ा, राकेश सिंह, दिनेश अरोड़ा, लाल जी, रवि अरोड़ा, सौरभ भाटिया, अमृत लाल अरोड़ा, दीपक मदान, गिरीश अरोड़ा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
बांटने से बढ़ती हैं खुशियां: राष्ट्रीय पंजाबी महासभा ने कुष्ठ आश्रम में मनाई भव्य फूलों की होली

