श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा, मायापुर में एक दिवसीय भागवत अमृत कथा का भव्य समापन
हरिद्वार। मायापुर स्थित श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा में एक दिवसीय भागवत अमृत कथा का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन संपन्न हुआ। भारत मिलाप आश्रम, मायापुर ऋषिकेश से पधारे परम पूज्य श्री नारायण दास जी महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं ने भागवत अमृत कथा का रसपान किया।
श्री नारायण दास जी महाराज ने संक्षिप्त किन्तु अत्यंत प्रभावशाली और भावपूर्ण शैली में श्रीमद्भागवत का सूक्ष्म स्वरूप प्रस्तुत किया। कथा के दौरान उन्होंने श्लोकों के माध्यम से उनके गूढ़ अर्थों को सरल भाषा में समझाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, बाल लीलाओं से लेकर रुक्मिणी विवाह तक के दिव्य प्रसंगों का सुंदर वर्णन किया। एक ही दिन में संपूर्ण भागवत का सार भक्तों के समक्ष अत्यंत सुंदर और भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कथा के दौरान ऐसा दिव्य वातावरण बना कि श्रद्धालु प्रसन्नचित होकर भगवान का ध्यान करते हुए भक्ति और सुमिरन में लीन दिखाई दिए। पूरा परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक आनंद के भाव से ओतप्रोत हो उठा। श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बताया।
इस पावन आयोजन का आयोजन वरिष्ठ पत्रकार मनोज झा जी द्वारा अपने पूज्य पिताजी की स्मृति में किया गया। इस अवसर पर मनोज झा जी अपने परिवार जनों एवं बंधु-बांधवों सहित उपस्थित रहे और सभी ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से कथा का श्रवण किया।
अंत में विधि-विधान के साथ कथा का समापन हुआ तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान से सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण की कामना की। यह आध्यात्मिक आयोजन सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और स्मरणीय रहा।
श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा, मायापुर में एक दिवसीय भागवत अमृत कथा का भव्य समापन

