उत्तराखंड में रालोद का संगठनात्मक शंखनाद: उदयवीर सिंह राजा बने एससी/एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष

हरिद्वार। राजनीतिक सरगर्मियों के बीच राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने उत्तराखंड में संगठन को नई धार देने की दिशा में अहम कदम उठाया है। पार्टी ने उदयवीर सिंह राजा को प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति (एससी/एसटी) प्रकोष्ठ का अध्यक्ष मनोनीत किया है। इस नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
मंगलवार, 17 फरवरी को स्थानीय होटल में आयोजित संगठनात्मक बैठक में संगठन विस्तार और चुनावी तैयारी को लेकर व्यापक मंथन किया गया। बैठक में राष्ट्रीय सचिव एवं एससी/एसटी प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रभुद्ध कुमार ने स्पष्ट कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी और गांव-गांव तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर एससी/एसटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. सागर का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, किसान सम्मान और सर्वसमाज की भागीदारी ही पार्टी की असली ताकत है।
प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र पंत ने बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जब तक प्रत्येक कार्यकर्ता को स्पष्ट जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी, तब तक राजनीतिक बदलाव संभव नहीं है। प्रदेश मीडिया प्रभारी निशांत चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के नेतृत्व में पार्टी नई रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है और उत्तराखंड सहित पूरे देश में संगठनात्मक मजबूती सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में प्रभुद्ध कुमार (राष्ट्रीय सचिव), ओ.पी. सागर (राष्ट्रीय अध्यक्ष एससी/एसटी प्रकोष्ठ), गौतम कुमार (प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश), राजेन्द्र पंत (प्रदेश अध्यक्ष), अशोक चौधरी (प्रदेश उपाध्यक्ष), निशांत चौधरी (प्रदेश मीडिया प्रभारी), हरमीत (प्रदेश उपाध्यक्ष), उदयवीर चहल (प्रदेश महासचिव), प्रमोद डोभाल (प्रदेश कोषाध्यक्ष), पप्पू मेजर सिंह (प्रदेश महासचिव), श्रीमती आरती जायसवाल (प्रदेश सचिव), आशीष उनियाल (प्रदेश सचिव), सिद्धान्त चौधरी (प्रदेश अध्यक्ष, खेल प्रकोष्ठ), उदयवीर सिंह राजा (नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष, एससी/एसटी प्रकोष्ठ), सुरेशपाल (वार्ड अध्यक्ष), राजीव कुमार (जिलाध्यक्ष, हरिद्वार), विपिन चौधरी (जिला उपाध्यक्ष), ओमवेश त्यागी, बबलू प्रधान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नवनियुक्त अध्यक्ष उदयवीर सिंह राजा ने संगठन को मजबूती देने और समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का भरोसा दिलाया। बैठक को आगामी चुनावों की तैयारियों का शंखनाद माना जा रहा है, जहां रालोद ने साफ संकेत दिया है कि वह उत्तराखंड की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!