शारदा पैलेस में 125 साधकों ने लिया साधना का लाभ, 9 अक्टूबर तक चलेगा आध्यात्मिक शिविर
हरिद्वार। शारदा पैलेस, हरिपुरकलां में महर्षि मेँहीँ अन्नक्षेत्र, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित मास-ध्यान साधना शिविर 2026 का पंद्रहवाँ दिवस श्रद्धा, अनुशासन एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 125 साधक नियमित रूप से ध्यान-साधना, भजन एवं सत्संग में सहभागिता कर रहे हैं। यह साधना शिविर 9 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
शिविर के पंद्रहवें दिन प्रातःकालीन ध्यान-साधना एवं भजन के पश्चात संत-महात्माओं के सानिध्य में सत्संग का आयोजन हुआ। साधकों ने एकाग्र भाव से आध्यात्मिक विचारों का श्रवण किया। संतों ने मानव जीवन के उद्देश्य, आत्मशुद्धि, निष्काम सेवा, सदाचार तथा नाम-स्मरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित साधना के माध्यम से आत्मिक उन्नति का संदेश दिया।
सत्संग मंच पर स्वामी गुरुनन्दन जी महाराज, स्वामी गुरशरण जी महाराज, स्वामी नंदन जी महाराज, स्वामी संजीवानंद जी महाराज, स्वामी बिंदेश्वरी बाबा जी महाराज, स्वामी पंकज बाबा, स्वामी शंकर बाबा सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। संतों के आध्यात्मिक प्रवचनों से साधक भाव-विभोर नजर आए।
स्वामी पंकज बाबा ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन ध्यान, सत्संग एवं आध्यात्मिक अभ्यास के माध्यम से साधकों को आत्मिक शांति, गुरु-भक्ति और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमित साधना मन को एकाग्र करने के साथ जीवन में सकारात्मकता एवं आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने में सहायक होती है।
शिविर के आगामी दिनों में भी नियमित रूप से ध्यान-साधना, भजन एवं सत्संग के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मास-ध्यान साधना शिविर का समापन 9 अक्टूबर को संत सम्मेलन एवं भंडारे के साथ होगा।
आयोजक: महर्षि मेँहीँ अन्नक्षेत्र, हरिद्वार
स्थान: शारदा पैलेस, हरिपुरकलां, हरिद्वार






