अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन का उत्तराखंड प्रांतीय अधिवेशन संपन्न, 21 वरिष्ठ संपादकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से किया सम्मानित
हरिद्वार। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया से अधिसूचित संगठन अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन की उत्तराखंड इकाई के तत्वावधान में रविवार को प्रेस क्लब सभागार, देवपुरा में प्रांतीय अधिवेशन, वरिष्ठ संपादक सम्मान समारोह एवं ‘वर्तमान दौर में समाचार पत्रों की भूमिका’ विषय पर एक दिवसीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे साप्ताहिक, पाक्षिक एवं मासिक समाचार पत्रों के संपादकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मिश्री मठ के महामंडलेश्वर परम पूज्य करौली शंकर महाराज ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बावजूद प्रिंट मीडिया की प्रासंगिकता और विश्वसनीयता आज भी कायम है। सोशल मीडिया पर अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं का दौर चल रहा है, लेकिन लोग समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों पर आज भी अधिक भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि अखबार समाज का आईना है और पत्रकारिता योग एवं तपस्या के समान है। सत्य को बिना किसी लाग-लपेट के समाज के सामने रखना ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी साधना है।
पत्रकारिता चुनौतीपूर्ण पेशा, सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध : मदन कौशिक
मुख्य अतिथि हरिद्वार विधायक एवं उत्तराखंड सरकार में आयुष एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता एक बेहद चुनौतीपूर्ण पेशा बन गया है। पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर महत्वपूर्ण खबरें समाज के सामने लाते हैं। खोजपूर्ण और संवेदनशील खबरों के प्रकाशन पर कई बार पत्रकारों को डराने-धमकाने के साथ मुकदमों का भी सामना करना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद पत्रकार निर्भीकता के साथ सच्चाई को सामने लाने का प्रयास करते हैं। यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हरिद्वार प्रेस क्लब के नए भवन की मांग को जल्द पूरा किए जाने का आश्वासन भी दिया।
सोशल मीडिया के दौर में भी सुबह के अखबार का इंतजार : बंशीधर तिवारी
महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क बंशीधर तिवारी ने कहा कि समय तेजी से बदल रहा है, लेकिन समाचार पत्र पढ़ने की आदत आज भी लोगों के बीच कायम है। लोग दिनभर सोशल मीडिया पर खबरें देखते और साझा करते हैं, लेकिन अगली सुबह उन्हें अखबार का इंतजार रहता है।
उन्होंने कहा कि चाय की चुस्कियों के साथ अखबार पढ़ने का आनंद आज भी बरकरार है। यह इस बात का प्रमाण है कि पाठक समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों पर अधिक भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग प्रदेश के छोटे समाचार पत्रों के हितों की रक्षा और उनके प्रोत्साहन के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
दूर-दराज के क्षेत्रों की आवाज सरकार तक पहुंचा रहे अखबार : सुरजीत सिंह गांधी
उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री स्तर के सरदार सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि समय के साथ समाचार पत्रों और खबरों का स्वरूप बदला है। पाठकों की पसंद में भी बदलाव आया है और लोग मसालेदार एवं चटपटी खबरों की ओर अधिक आकर्षित होते हैं। इसके बावजूद समाचार पत्र आज भी दूर-दराज के क्षेत्रों की समस्याओं को सामने लाने और उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि समाचार पत्र समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सर्वधर्म समभाव की भावना को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
हरिद्वार और मां गंगा की लोकप्रियता में पत्रकारों का अहम योगदान : नितिन गौतम
श्री गंगा सभा के अध्यक्ष एवं ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) नितिन गौतम ने कहा कि हरिद्वार और मां गंगा की लोकप्रियता को देश-दुनिया तक पहुंचाने में समाचार पत्रों एवं पत्रकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पत्रकारों के प्रयासों से हरिद्वार और मां गंगा की महत्ता देश-विदेश तक पहुंची है।
उन्होंने कहा कि कुंभ, अर्धकुंभ, कांवड़ यात्रा, सावन मास और वर्षभर आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक पर्वों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में पत्रकारों और समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने श्री गंगा सभा की ओर से पत्रकारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
छोटे समाचार पत्र लोकतंत्र की रीढ़ : अमित कुमार शर्मा
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि छोटे समाचार पत्र लोकतंत्र की रीढ़ हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष के लिए महानिदेशक सूचना का आभार व्यक्त किया। साथ ही पत्रकार पेंशन, अधिमान्यता और विज्ञापन नीति में आवश्यक सुधार किए जाने की मांग उठाई।
21 वरिष्ठ संपादकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
समारोह के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं दीर्घकालीन योगदान के लिए 21 वरिष्ठ संपादकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले वरिष्ठ संपादकों में प्रमुख रूप से ब्रजेंद्र हर्ष, गुलशन नैय्यर, रामचंद्र कनौजिया, शैलेंद्र सिंह, राधेश्याम विद्याकुल, कुमकुम शर्मा, निशा शर्मा, काशीराम सैनी, अवधेश शिवपुरी, डॉ. प्रदीप जोशी, शिव कुमार शर्मा, श्रवण अरोड़ा, जयपाल सिंह, राजीव तुम्बड़िया, नरेश दीवान शैली, ओम गौतम फक्कड़, राजेश शर्मा, अविक्षित रमन, प्रवीण झा एवं दया जोशी शामिल रहे।
इस अवसर पर सभी अतिथियों को एसोसिएशन की ओर से अभिनंदन-पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने संगठन की गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक ललितेन्द्र नाथ एवं बालकृष्ण शास्त्री ने संयुक्त रूप से किया। अंत में प्रदेश महामंत्री राजकमल गोयल ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं संपादकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के केंद्रीय महामंत्री विनोद वाजपेयी, कोषाध्यक्ष रामानुज मिश्रा, कार्यकारिणी सदस्य अर्पणा शुक्ला, उत्तर प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष संजय चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष दिलीप पांडेय सहित राजेंद्र नाथ गोस्वामी, अनिरुद्ध भाटी, संजय रावल, रविंद्र सिंह, प्रतिभा वर्मा, मुकेश वर्मा, प्रदीप गर्ग, संजय संतोषी, सूर्यकांत बेलवाल, केके त्रिपाठी, शैलेंद्र गोदियाल, मेहताब आलम, संजय आर्य, अमित कुमार, त्रिलोक चंद्र भट्ट, सुभाष कपिल, मुदित अग्रवाल, राज कुमार, अश्वनी अरोड़ा, राहुल वर्मा, अरुण कुमार, देहरादून संयोजक दिगंबर उपाध्याय, जीत सिंह पैन्यूली, देवभूमि पत्रकार एसोसिएशन के महामंत्री बीडी शर्मा, छाबड़ा, शशि शर्मा, बालेश बावलिया, डॉ. रजनीकांत शुक्ला, दीपक नौटियाल, श्रवण झा, विकास चौहान, आनंद गोस्वामी, रामेश्वर, देवेंद्र जौहरी, अशोक कुमार, सुरेंद्र शर्मा, रत्नमणि डोभाल, रजत चौहान, परमजीत राणा एवं सुमित यशकल्याण सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संपादक मौजूद रहे।






