विभाजन की विभीषिका को याद कर मां गंगा के तट पर अर्पित की श्रद्धांजलि, देश की खुशहाली और एकता की कामना

हरिद्वार। भारत के विभाजन के दौरान असंख्य लोगों द्वारा दिए गए बलिदान और लाखों लोगों के विस्थापन की पीड़ा को याद करते हुए 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया गया। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी के संयोजन में श्री गुरुनानक देव जी घाट पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में ज्ञानी सोहन सिंह जी के साथ उपस्थित लोगों ने अरदास की और मां गंगा में पुष्प अर्पित कर विभाजन के दौरान बलिदान हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान देश की एकता, अखंडता, शांति और खुशहाली की कामना की गई।

प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस 1947 के भारत विभाजन के दौरान पीड़ित लोगों और उनके परिवारों की पीड़ा को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि विभाजन के समय जहां देश स्वतंत्रता का उत्सव मना रहा था, वहीं दूसरी ओर असंख्य परिवारों को विस्थापन, हिंसा और अपनों को खोने का दर्द झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमें सामाजिक सद्भाव, एकता और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा, “देश हमेशा खुशहाल रहे और भविष्य में किसी भी व्यक्ति को विभाजन का दंश न झेलना पड़े, यही हमारी प्रार्थना है।”

इस अवसर पर राष्ट्रीय पंजाबी महासभा की ओर से वरिष्ठ समाजसेवी हरमोहन सिंह सहित कई वरिष्ठ पंजाबियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का पटका पहनाकर सम्मान किया गया।

वरिष्ठ पंजाबी हरमोहन सिंह एवं वरिष्ठ पंजाबी नेता हरविंद्र सिंह ने कहा कि भारत का विभाजन इतिहास की बड़ी मानवीय त्रासदियों में से एक था। लाखों लोग विस्थापित हुए और बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि आज सभी को उन परिवारों और बलिदानियों को स्मरण करते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पंजाबी महासभा द्वारा जल्द ही गंगा घाटों पर सफाई अभियान शुरू करने की घोषणा भी की गई। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ गंगा स्वच्छता के लिए भी संगठन निरंतर कार्य करेगा।

इस अवसर पर सतनाम सिंह, संजीव सहगल, अर्पण ग्रोवर, अजय अनेजा, लक्की अनेजा, गिरीश भाटिया, वरुण भाटिया, महिंदर सिंह, सतनाम सिंह भाटिया, उज्जवल सिंह, अमरपाल सिंह, इकबाल सिंह, हरीश भाटिया, अभिनव, लव, कुश, हेमलता सिंह, आरती अरोड़ा, प्रिया सेठी, रजनी अरोड़ा, हेमा सिंह, कुसुम अरोड़ा, राकेश अरोड़ा, राजेश सिंह, कुलदीप सिंह, हरविंद्र सिंह, अमित बजाज सहित सैकड़ों पंजाबी समाज के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और समृद्धि की कामना के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!