संगीतमय श्री राम कथा में भाव-विभोर हुए श्रद्धालु, हरिद्वार में गूंजा भक्ति रस
हरिद्वार के बैरागी कैंप स्थित उमा महेश्वर परमार्थ ट्रस्ट में आयोजित संगीतमय श्री राम कथा के पावन प्रसंग में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो उठे। विश्व विख्यात व्याख्याता शर्मा बंधु ने मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से कथा का भावपूर्ण व्याख्यान किया, जिससे पूरा वातावरण भव्य और दिव्य बन गया। कथा श्रवण करते हुए श्रोता झूम उठे और भगवान श्री राम के जीवन प्रसंगों में डूब गए।इस अवसर पर शर्मा बंधु ने कहा कि भगवान राम मर्यादाओं के स्वामी हैं। उन्होंने अपने जीवन के माध्यम से यह बताया कि मर्यादा में कैसे रहा जाता है और उसका पालन किस प्रकार किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज हम जिस सनातन परंपरा का हिस्सा हैं, उसकी स्थापना भगवान श्री राम ने ही की है।पंडित राम गोपाल शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान राम केवल एक नाम नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन धर्म की आधारशिला हैं। उनके नाम में पूरा ब्रह्मांड समाहित है। संत-महापुरुष राम नाम का स्मरण करते हुए अपने जीवन को सार्थक बनाते हैं और साथ ही भक्तों को कल्याण एवं मुक्ति का मार्ग भी दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि राम अनंत हैं और यह शब्द संपूर्ण सृष्टि का प्रतीक है।कार्यक्रम में श्री सुखदेव, कौशलेंद्र, राघवेंद्र शर्मा, आयोजक श्रीमती, श्री कपिल शर्मा, शशि भूषण शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

