श्री जगतगुरु उदासीन आश्रम का 55वां वार्षिकोत्सव भव्य शोभायात्रा के साथ प्रारंभ
हरिद्वार के श्रवणनाथ नगर स्थित श्री जगतगुरु उदासीन आश्रम में 55वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। इस पावन अवसर पर आश्रम के महंत परम पूज्य सुतीक्ष्ण मुनि महाराज के सानिध्य में श्री शिव महापुराण कथा का विधिवत आरंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल व्याप्त हो गया।
इस अवसर पर श्री महंत रवि देव वेदांताचार्य महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि जो भी भक्त सच्चे मन से हरिद्वार में श्री शिव महापुराण जैसी पवित्र कथा का श्रवण करता है, उसके जीवन के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं और उसके भाग्य का उदय होता है। उन्होंने कहा कि गुरुजनों के पावन वचन मनुष्य के जीवन को धन्य और सार्थक बना देते हैं।
वहीं, महंत सुतीक्ष्ण मुनि महाराज ने अपने उद्बोधन में गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही मनुष्य के सच्चे और सर्वोत्तम मार्गदर्शक होते हैं। गुरु अपने ज्ञान से अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं और उसे सार्थक बनाते हैं।
पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसमें दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
श्री जगतगुरु उदासीन आश्रम का 55वां वार्षिकोत्सव भव्य शोभायात्रा के साथ प्रारंभ

