हरिद्वार और देहरादून में “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” से उपभोक्ताओं को किया गया जागरूक
हरिद्वार/देहरादून, 05 मार्च 2026।
उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की पहचान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” कार्यक्रम का आयोजन हरिद्वार और देहरादून में किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) देहरादून द्वारा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, हरिद्वार, सेतु फाउंडेशन और Consumer Confederation of India (CCI) के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन हरिद्वार स्थित जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, भगत सिंह चौक के निकट किया गया, जिसका संचालन भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून के निदेशक एवं शाखा प्रमुख श्री सौरभ तिवारी के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री संजय जैन उपाध्याय (श्री सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर, हरिद्वार) उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में Consumer Confederation of India के चेयरमैन श्री अनंत शर्मा, नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट डॉ. एम. सेल्वराज, डॉ. आर.के. थिरु तथा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र के अध्यक्ष पंडित पदम प्रकाश शर्मा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उपभोक्ता अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित उत्पादों की पहचान, आईएसआई मार्क, हॉलमार्किंग तथा उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे हमेशा मानक और प्रमाणित उत्पादों का ही उपयोग करें, ताकि सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
इस मौके पर भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून की मानक संवर्धन अधिकारी श्रीमती सरिता त्रिपाठी ने भी प्रतिभागियों को BIS की विभिन्न गतिविधियों, उपभोक्ता जागरूकता अभियानों और BIS Care App के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
हरिद्वार में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” देहरादून स्थित भारतीय मानक ब्यूरो कार्यालय पहुँची, जहाँ कार्यालय सभागार में एक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून के निदेशक एवं शाखा प्रमुख श्री सौरभ तिवारी ने Consumer Confederation of India की पूरी टीम का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री अनंत शर्मा ने “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” के उद्देश्य और उपभोक्ता सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से जागरूक और जिम्मेदार उपभोक्ता बनने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भाग लिया तथा उपभोक्ता जागरूकता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
हरिद्वार और देहरादून में “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” से उपभोक्ताओं को किया गया जागरूक

