हरिद्वार के आर्यनगर में सजी ‘मुख्य सेवक जन चौपाल’, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आत्मीय स्वागत

हरिद्वार। ग्राम आर्यनगर (पूर्व गाजीवाली) में आयोजित ‘मुख्य सेवक जन चौपाल’ कार्यक्रम जनसंवाद और जनसरोकारों का प्रभावशाली मंच बनकर सामने आया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया तथा कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई गई।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे। जन चौपाल के माध्यम से मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर कहा गया कि जनसेवा सरकार के लिए केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवन का ध्येय है। इसी संकल्प के साथ प्रदेश सरकार निरंतर जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रही है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम को सरकार की संवेदनशील, पारदर्शी और जनकेंद्रित कार्य-संस्कृति का सशक्त प्रतीक बताया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल केवल योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि शासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम है। जन चौपाल जैसे कार्यक्रम लोकतंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ जनता और सरकार के बीच विश्वास का सेतु भी बना रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। पूरे आयोजन में उत्साह, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!