हरिद्वार, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने अपने उपभोक्ताओं को कई आकर्षक और किफायती योजनाओं का तोहफा दिया है। इनमें मात्र एक रुपये में 4जी सिम, 1111 रुपये में हाईस्पीड एफटीटीएच ब्रॉडबैंड सेवा, ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए विशेष प्रमोशनल प्लान सहित कई सुविधाएं शामिल हैं।
बीएसएनएल हरिद्वार के प्रधान महाप्रबंधक रमेशचंद ने पत्रकार वार्ता में योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि हरिद्वार धार्मिक, पर्यटन और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है। ऐसे में जिले के प्रत्येक नागरिक, ग्रामीण क्षेत्र, व्यवसायियों और सरकारी संस्थानों को विश्वसनीय एवं किफायती डिजिटल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना बीएसएनएल की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपभोक्ताओं के लिए मजबूत नेटवर्क, बेहतर सेवा और डिजिटल रूप से सशक्त बनाने वाली कई योजनाएं लागू की गई हैं। इनमें 1111 रुपये में हाईस्पीड एफटीटीएच ब्रॉडबैंड सेवा प्रमुख है। इसके साथ ही दूरस्थ और कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए सेटेलाइट फोन सेवा भी दी जा रही है।
उपभोक्ताओं की जरूरत के अनुसार ओटीटी सेवाओं का चयन करने की सुविधा के लिए ‘बिल्ड योर ओन ओटीटी’ योजना शुरू की गई है। वहीं, बीएसएनएल सेल्फ केयर एप के माध्यम से मनोरंजन के साथ विभिन्न डिजिटल कंटेंट की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए विशेष रूप से 259 रुपये का प्रमोशनल प्लान, जिसमें 199 रुपये का एड-ऑन शामिल है, पेश किया गया है। इसके अलावा नए उपभोक्ताओं को बीएसएनएल से जोड़ने के उद्देश्य से मात्र एक रुपये में 4जी सिम उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रधान महाप्रबंधक रमेशचंद ने बताया कि बीएसएनएल अपने 4जी नेटवर्क को लगातार मजबूत कर रहा है। इसके लिए नए 4जी बीटीएस साइटों को ऑन-एयर किया जा रहा है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल कवरेज बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहरी, ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में फाइबर नेटवर्क का विस्तार कर उपभोक्ताओं को हाईस्पीड इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हरिद्वार में लगभग 9700 एफटीटीएफ ग्राहक वर्तमान में हाईस्पीड सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने उपभोक्ताओं से बीएसएनएल की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। पत्रकार वार्ता में उप महाप्रबंधक मुकेश कुमार गुप्ता, मुख्य लेखाधिकारी संतोष कुमार, सहायक महाप्रबंधक जयप्रकाश, रविंद्र सागर सहित बीएसएनएल के कई अधिकारी मौजूद रहे।






