ज्वालापुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। यह पावन यात्रा जटवाड़ा पुल से प्रारंभ होकर राम चौक तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
रथ यात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। सुसज्जित एवं आकर्षक रथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भक्तगण भजन-कीर्तन करते हुए रथ के साथ चल रहे थे, वहीं महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।
यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल एवं प्रसाद की उत्तम व्यवस्था भी की गई, जिससे पूरे आयोजन में सेवा भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
पूरी रथ यात्रा शांतिपूर्ण एवं धार्मिक वातावरण में संपन्न हुई। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था का संदेश देना है।
इस अवसर पर नितिन मंगल, नीरज तायल, पंकज गुप्ता, लव अग्रवाल, अमन अग्रवाल, चंदन गर्ग, सचिन गोयल एवं कृष्णा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

