25 जुलाई तक पूरी हों कांवड़ मेले की तैयारियां: डीएम मयूर दीक्षित

25 जुलाई तक पूरी हों कांवड़ मेले की तैयारियां: डीएम मयूर दीक्षित

30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होगा कांवड़ मेला, व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश

हरिद्वार, 1 जुलाई 2026। आगामी कांवड़ मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई तक पूर्ण कर ली जाएं। इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बिजली, पेयजल, बैरिकेडिंग, पार्किंग, कांवड़ पटरी मार्ग की सफाई, झाड़ियों की कटाई और पेड़ों की लॉपिंग समय से पूरी की जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देश दिए गए कि मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर सामग्री हटाई जाए ताकि यातायात प्रभावित न हो।

डीएम ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए नगर निगम और जिला पंचायत को व्यापक सफाई अभियान चलाने तथा सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने और बिना अनुमति निजी स्वास्थ्य शिविरों पर रोक लगाने को कहा गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल, ढाबों और भोजनालयों की नियमित जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने और रेट लिस्ट प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए।

घाटों की सुरक्षा को लेकर सिंचाई विभाग को रेलिंग, चेन और अन्य सुरक्षा उपाय मजबूत करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने को कहा गया।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की विस्तृत योजना तैयार करने और विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!