मुलतान भवन में गूंज रही श्रीमद्भागवत कथा, पंचम दिवस पर श्रीकृष्ण लीलाओं से भावविभोर हुए श्रद्धालु

हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित मुलतान भवन में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ जारी है। कथा के पंचम दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का अत्यंत मनोहारी एवं भावपूर्ण प्रसंग प्रस्तुत किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर हो उठे।कथा व्यास श्रद्धेय श्री दर्शन जोशी जी (वीरपुर, गुजरात, अहमदाबाद) के श्रीमुख से प्रवाहित हो रही इस पावन कथा का श्रवण कर भक्तजन आनंद की अनुभूति कर रहे हैं। उनकी मधुर वाणी और भावपूर्ण शैली ने श्रोताओं को भक्ति रस में डुबो दिया, जिससे पूरा वातावरण “जय श्रीकृष्ण” के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।इस भव्य कथा आयोजन का संचालन गुजरात के पोरबंदर से पधारे श्रद्धालुओं द्वारा किया जा रहा है। हरदास पोरबंदर (गुजरात) सहित अन्य भक्त परिवार सहित कथा का श्रवण कर रहे हैं और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।कार्यक्रम में मुलतान भवन आश्रम के ट्रस्टी श्री दिनेश कुमार जी की विशेष उपस्थिति रही। उनके सानिध्य में यह आयोजन और भी दिव्यता एवं भव्यता प्राप्त कर रहा है। उन्होंने बताया कि आश्रम में समय-समय पर इस प्रकार के धार्मिक आयोजन होते रहते हैं, जिनसे श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होती है।उन्होंने यह भी कहा कि मां गंगा की पावन कृपा से सभी भक्त सनातन धर्म की ध्वजा को ऊंचा रखते हुए अपने जीवन को धर्ममय और आनंदमय बना रहे हैं।कथा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन, नृत्य और हरिनाम संकीर्तन में लीन होकर भक्ति रस का आनंद ले रहे हैं। संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति के उल्लास से ओतप्रोत हो उठा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!