भव्य संत भंडारे में उमड़ी आस्था की धारा, गुरु महिमा से गुंजायमान हुआ श्री गुरु निवास मंदिर

भव्य संत भंडारे में उमड़ी आस्था की धारा, गुरु महिमा से गुंजायमान हुआ श्री गुरु निवास मंदिर
हरिद्वार के कनखल स्थित प्रसिद्ध श्री गुरु निवास मंदिर में प्रातःस्मरणीय गुरु भगवान स्वामी छत्रपति दास जी महाराज एवं पूज्य गुरुजनों की पावन स्मृति में विशाल संत भंडारे का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस आध्यात्मिक अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्माओं और श्रद्धालु भक्तों ने उपस्थित होकर गुरुचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर आश्रम के श्रीमहंत देवानंद महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु का सान्निध्य मनुष्य को बड़े ही पुण्यों और सौभाग्य से प्राप्त होता है। गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं होते, बल्कि वे जीवन के अंधकार को दूर कर सत्य, धर्म और भक्ति का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन में रहकर मनुष्य अपने जीवन को श्रेष्ठ, पवित्र और कल्याणकारी बना सकता है तथा सांसारिक बंधनों से मुक्त होकर मोक्ष के मार्ग पर अग्रसर हो सकता है।
वहीं संत समाज के पूज्य महंत विनोद महाराज ने अपने प्रेरणादायक विचारों में कहा कि गुरु का स्मरण ही जीवन की सबसे बड़ी साधना है। गुरु की कृपा से ही मनुष्य का सम्पूर्ण जीवन मंगलमय हो जाता है।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सेवा और समर्पण का अद्भुत वातावरण देखने को मिला, जिसने सभी श्रद्धालुओं के हृदय को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!