शिवालिक नगर, हरिद्वार में सिद्धि विनायक प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापन

🕉️ शिवालिक नगर, हरिद्वार में सिद्धि विनायक प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापन

हरिद्वार। शिवालिक नगर स्थित श्री शिव मन्दिर प्रांगण में श्री सिद्धि विनायक जी के विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा हेतु आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का 5 मई 2026, मंगलवार को अत्यंत भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में समापन हुआ। 3 मई से प्रारंभ हुआ यह धार्मिक आयोजन पूरे क्षेत्र को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर गया।महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 7:00 से 11:00 बजे तक तथा दोपहर 12:00 से 3:00 बजे तक विभिन्न वैदिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। साथ ही प्रतिदिन दोपहर 3:00 से 5:00 बजे तक मुख्य आचार्य डा० अरविन्द नारायण मिश्रा द्वारा श्री गणेश कथा का भावपूर्ण वाचन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को गहन आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की।समापन दिवस ज्येष्ठ कृष्ण चतुर्थी के पावन अवसर पर गणेशाम्बिका पूजन, प्राण-प्रतिष्ठा न्यास, हवन, शिखर एवं ध्वज पूजन तथा विधिवत मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इसके पश्चात भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजीव गुप्ता (वरिष्ठ समाजसेवी एवं होटल व्यवसायी) की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशिष्ट अतिथियों में मदन कौशिक (कैबिनेट मंत्री, उत्तराखण्ड सरकार), आदेश चौहान (विधायक, रानीपुर), राजीव शर्मा (अध्यक्ष, नगर पालिका शिवालिक नगर), आशुतोष शर्मा (जिलाध्यक्ष भाजपा), महेश राणा (वरिष्ठ समाजसेवी एवं कांग्रेसी नेता) सहित संदीप जैन, जय किशोर सिंघल एवं विकास गर्ग (उद्योगपति) की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।कार्यक्रम में अन्य आचार्यों में राजेश चन्द सती, प्रशान्त कुमार मिश्रा, पं० रामचन्द्र नौटियाल एवं पं० कैलाश चन्द्र नौटियाल ने वैदिक अनुष्ठानों का सफल संचालन किया।समापन अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार माथुर एवं महासचिव शशि भूषण पाण्डेय सहित सभी सदस्यों की उपस्थिति में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।कार्यक्रम के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो दोपहर 12:00 बजे से प्रारंभ होकर देर शाम तक चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो माता अन्नपूर्णा की विशेष कृपा इस आयोजन पर बनी रही।यह भव्य धार्मिक आयोजन न केवल शिवालिक नगर, बल्कि पूरे हरिद्वार क्षेत्र को भक्तिमय बना गया। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान शिव एवं श्री गणेश जी की कृपा से यह महोत्सव अत्यंत सफल एवं ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!