🕉️ साध्वी अंजनी देवानंद गिरी बनीं निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर
हरिद्वार। शिव शक्ति धाम की परमाध्यक्ष साध्वी अंजनी देवानंद गिरी को निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर की पदवी प्रदान की गई। यह पट्टाभिषेक समारोह आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। समारोह में निरंजनी अखाड़े के पंचपरमेश्वर और सभी तेरह अखाड़ों के संतों ने वैदिक मंत्रोच्चारण और पुष्पवर्षा के साथ तिलक चादर ओढ़ाकर उनका अभिषेक किया।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साध्वी अंजनी देवानंद गिरी अखाड़े की परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए धर्म और संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि निरंजनी अखाड़ा संत परंपरा में मातृशक्ति को उच्च स्थान देने में अग्रणी रहा है।
आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने उन्हें युवा और विद्वान संत बताते हुए विश्वास जताया कि वे देश-विदेश में सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ मातृशक्ति के उत्थान में योगदान देंगी।
नवनियुक्त महामंडलेश्वर साध्वी अंजनी देवानंद गिरी ने अपने वक्तव्य में कहा कि वे अपने गुरु स्वामी वैराग्यानंद गिरी महाराज की शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए समाज को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देंगी और मानव कल्याण के लिए कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि निरंजनी अखाड़े की उन्नति और संत परंपराओं का पालन ही उनके जीवन का उद्देश्य है।
इस अवसर पर स्वामी वेदानंद गिरी, स्वामी नर्मदा गिरी, साध्वी आशु गिरी, स्वामी आदि योगी पुरी, स्वामी ब्रह्मानंद गिरी, साध्वी निहारिका गिरी सहित बड़ी संख्या में संत, अतिथि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
wa

