पंजाब सरकार की निःशुल्क तीर्थ यात्रा से हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालु
मां मनसा देवी, मां चंडी देवी के दर्शन कर गंगा आरती में हुए शामिल, सरकार की पहल की सराहना
हरिद्वार। पंजाब सरकार द्वारा बुजुर्गों एवं महिलाओं के लिए कराई जा रही निःशुल्क तीर्थ यात्रा इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी क्रम में पंजाब से बड़ी संख्या में तीर्थ यात्री हरिद्वार पहुंचे। तीर्थ यात्रियों ने पंत दीप क्षेत्र में पहुंचकर सरकार की इस पहल के लिए खुशी जताई और यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं की सराहना की।
तीर्थ यात्रियों को हरिद्वार लेकर पहुंचीं श्रीमती मोनिका उप्पल एवं श्री श्यामलाल ने बताया कि पंजाब से आए सभी श्रद्धालु सरकार की इस योजना से बेहद खुश हैं। श्रद्धालुओं ने हरिद्वार पहुंचकर मां मनसा देवी एवं मां चंडी देवी के दर्शन किए। इसके साथ ही सभी ने मां गंगा की आरती में सम्मिलित होकर गंगा मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से इस तीर्थ यात्रा में भोजन, रहने तथा यात्रा सहित विभिन्न व्यवस्थाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और सरकार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने आम आदमी पार्टी के समर्थन में नारे लगाते हुए पंजाब सरकार की इस पहल की प्रशंसा की। श्रद्धालुओं का कहना था कि एक आम व्यक्ति के लिए धार्मिक स्थलों की यात्रा करना कई बार आर्थिक कारणों से मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सरकार द्वारा निःशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय कदम है।
श्रद्धालुओं ने कहा कि वे चाहते हैं कि सरकार भविष्य में भी इसी प्रकार आम जनता, बुजुर्गों और महिलाओं के हित में योजनाएं चलाती रहे। हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं ने यात्रा के सफल आयोजन और व्यवस्थाओं को लेकर खुशी व्यक्त करते हुए पंजाब सरकार का आभार जताया।






