सिटी प्रेस क्लब के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

सिटी प्रेस क्लब के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

हरिद्वार। पत्रकारों की प्रबुद्ध संस्था सिटी प्रेस क्लब हरिद्वार के संगठनात्मक विस्तार के तहत नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। चित्रा टॉकीज गली स्थित होटल चित्रा रेजिडेंशियल में आयोजित कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष ठाकुर मनोज कुमार मनोजानंद ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपते हुए शपथ दिलाई।

इस दौरान राजेंद्र राजू दादू को वरिष्ठ महामंत्री, संजीव सक्सेना, प्रवीण कश्यप एवं सागर को महामंत्री तथा अमर केवट को मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष ठाकुर मनोज कुमार मनोजानंद ने कहा कि सिटी प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों और उनके सम्मान की रक्षा के लिए पूर्व की भांति निरंतर संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है, जिसमें निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदारी सर्वोपरि होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की आड़ में संगठन और समाज को बदनाम करने वाली प्रवृत्तियों का क्लब सदैव विरोध करता रहा है और भविष्य में भी ऐसी प्रवृत्तियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि सिटी प्रेस क्लब हरिद्वार ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के पत्रकारों की बुलंद आवाज बनने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के किसी भी पत्रकार के साथ उत्पीड़न, अन्याय, हमला अथवा किसी अन्य प्रकार की घटना होने पर क्लब मजबूती से उसके साथ खड़ा रहेगा।

वरिष्ठ महामंत्री राजेंद्र राजू दादू ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए वे सदैव सक्रिय रहेंगे।

महामंत्री संजीव सक्सेना ने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। सिटी प्रेस क्लब पत्रकार हितों के लिए पूरी मजबूती से कार्य करेगा और संगठन की गरिमा एवं विश्वसनीयता को बनाए रखने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उपाध्यक्ष राजू भाई ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है। पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक पत्रकार को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

महामंत्री सागर ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके हितों के लिए संघर्ष करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

महामंत्री प्रवीण कश्यप ने कहा कि सिटी प्रेस क्लब पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और सदस्य आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ कार्य करेंगे।

क्लब निरीक्षक रोहित कश्यप ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती अनुशासन, एकता और पारदर्शिता से होती है। सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

सदस्य कृष्णा ने कहा कि सिटी प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों की आवाज को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की गरिमा, पत्रकारिता की मर्यादा तथा पत्रकारों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!