मानसून की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
जलभराव, डेंगू नियंत्रण और आपदा प्रबंधन को लेकर विभागवार समीक्षा बैठक
हरिद्वार, 20 अगस्त 2026। राज्य आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री विनय कुमार रोहिला की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार, रुड़की में मानसून के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन तैयारियों की विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य मंत्री ने विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी आपदा अथवा मानसून से संबंधित घटना की स्थिति में सभी विभाग आपसी समन्वय, त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
राज्य मंत्री ने कहा कि भारी वर्षा के कारण जिन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है, वहां संबंधित विभाग तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। नगर निगम, सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को एक सप्ताह के भीतर जनपद में बंद पड़े सभी नाला-नालियों को खोलने की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों की समय से सफाई होने से बरसात के पानी की सुचारु निकासी सुनिश्चित होगी और जलभराव की समस्या को प्रभावी ढंग से रोका जा सकेगा।
डेंगू की रोकथाम के लिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश
मानसून के दौरान डेंगू की रोकथाम पर विशेष जोर देते हुए राज्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में बरसाती पानी जमा न होने पाए। इसके लिए नियमित साफ-सफाई, फॉगिंग तथा जनजागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं।
बैठक में कई विभागीय अधिकारियों के उपस्थित न होने पर राज्य मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जनसमस्याओं का प्राथमिकता से हो निस्तारण
राज्य मंत्री विनय कुमार रोहिला ने बैठक के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता द्वारा बताई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर राज्य मंत्री ने “एक पौधा मां के नाम” अभियान के अंतर्गत नगर निगम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।
स्कूलों में साफ-सफाई और मिड डे मील की गुणवत्ता पर जोर
राज्य मंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों के परिसरों में झाड़ियों और घास की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को सर्पदंश जैसी घटनाओं का खतरा न रहे। साथ ही उन्होंने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे मिड डे मील की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बिना अनुमति सड़कें न तोड़ने के निर्देश
जल निगम, जल संस्थान एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नगर निगम, नगर पंचायत एवं नगर पालिका क्षेत्रों में किसी भी सड़क को बिना विभागीय अनुमति के न तोड़ा जाए। उन्होंने सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही बंद एवं चोक पड़ी सीवरेज लाइनों को दुरुस्त करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रवासियों द्वारा बताई गई सभी समस्याओं का तत्परता से निराकरण किया जाए। उन्होंने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का हर हाल में पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, डेंगू नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तत्परता के साथ लागू किया जाएगा।
बैठक में मेयर रुड़की श्रीमती अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बेनीवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






