सर्व दर्शन आश्रम में श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन, सातवें दिन हुआ भगवान शिव का पूजन-अर्चन
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित मुखिया गली के सर्व दर्शन आश्रम में दिल्ली से आए श्रद्धालुओं द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ चल रहा है। कथा के सातवें दिन श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की।
कथा का रसपान प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य श्री प्रदीप मणि जी द्वारा कराया जा रहा है। सातवें दिन आचार्य श्री प्रदीप मणि जी ने श्रद्धालुओं को शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन सुनाया और भगवान शिव की महिमा का विस्तार से बखान किया।
कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर शिव महापुराण का श्रवण कर रहे हैं। भक्तिमय वातावरण में भगवान शिव के जयकारों से पूरा आश्रम परिसर गूंज उठा। आयोजन में दिल्ली से आए भक्तों सहित स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आचार्य श्री प्रदीप मणि जी ने कहा कि शिव महापुराण का श्रवण मनुष्य को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। भगवान शिव की आराधना और उनके नाम का स्मरण जीवन में सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है।
श्री शिव महापुराण कथा के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कथा के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया जा रहा है।






