ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच के गठन हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

हरिद्वार: ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच के गठन हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

हरिद्वार। देवभूमि उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश सहित विभिन्न क्षेत्रों की ब्राह्मण सभाओं, महासभाओं, समितियों, परिषदों एवं संगठनों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक एसएमजेएन डिग्री कॉलेज में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य “ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच” का गठन कर समाज की एकता, सम्मान एवं संगठन को सुदृढ़ बनाना तथा समय-समय पर ब्राह्मण समाज के विरुद्ध होने वाले दुर्भावनापूर्ण कृत्यों के खिलाफ सामूहिक रणनीति तैयार करना रहा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि संयुक्त मंच के मुख्य संयोजक के रूप में श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज कार्य करेंगे। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक ब्राह्मण संगठन से चार-चार संयोजक सदस्य शामिल किए जाएंगे तथा जिला एवं नगर स्तर पर क्षेत्रीय प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त, उत्तराखंड की सीमा से लगे अन्य राज्यों के ब्राह्मण संगठनों को भी इस मंच से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

सभा को संबोधित करते हुए श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि संत समाज हर समाजोपयोगी कार्य में ब्राह्मण समाज के साथ खड़ा है और समाज के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी कुंभ 2027 में निरंजनी अखाड़े के साथ ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच के सदस्य भी शाही स्नान में भाग लेंगे। इस अवसर पर भगवान परशुराम जी की पालकी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी तथा उनके प्रतीक विग्रह को हर की पैड़ी के पवित्र कुंड में शाही स्नान कराया जाएगा।

उन्होंने संयुक्त मंच के संरक्षक के रूप में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज, स्वामी आनंद स्वरूप गिरी महाराज, स्वामी वेदमूर्ति महाराज, स्वामी संतोषानंद गिरी महाराज एवं स्वामी कार्तिक गिरी महाराज को मनोनीत किया। आवश्यकता अनुसार संत समाज के अन्य प्रतिनिधियों को भी संरक्षक मंडल में शामिल किया जाएगा। साथ ही संयुक्त मंच का मुख्य कार्यालय श्री निरंजनी अखाड़ा, हरिद्वार में स्थापित करने पर सहमति बनी।

बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए ब्राह्मण संगठनों के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!