हरिद्वार। भूपतवाला में तीन दिवसीय संत समागम एवं विशाल भंडारा, 40वीं श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब
भूपतवाला स्थित ब्रह्म निवास उत्तरी आश्रम में महामंडलेश्वर परम पूज्य परमात्मदेव जी महाराज के पावन सानिध्य में गुरुजनों की दिव्य स्मृति में भव्य संत समागम एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय इस धार्मिक कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया, जहां दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ 10 तारीख को पाठ प्रकाश के साथ हुआ, जिसमें गरीब दास गुरुवाणी के पाठ सहित अनेक यज्ञ, अनुष्ठान एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। लगातार तीन दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में संतों के प्रवचन और भक्ति रस ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
12 तारीख को बड़े गुरु महाराज जी की 40वीं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें संत समागम के साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री माननीय श्री मदन कौशिक जी, पूर्व पार्षद अनिरुद्ध भाटी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
इस अवसर पर स्वामी कृष्ण देव जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि संत-महापुरुषों का सानिध्य मनुष्य के जीवन को दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि संत दान, दया और सत्कर्म का मार्ग दिखाकर मानव को भगवान की शरण में ले जाते हैं, जिससे जीवन सार्थक बनता है।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर गंगादास उदासीन, महंत रवि देव महाराज, महंत जगजीत सिंह महाराज, महंत ज्ञानानंद महाराज, स्वामी बालक दास महाराज, पंजाबी बाबा, महंत दिनेश दास महाराज, कोतवाल कमल मुनि महाराज, कोतवाल श्याम गिरी महाराज सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस तीन दिवसीय संत समागम एवं भव्य भंडारे ने न केवल श्रद्धालुओं की आस्था को मजबूत किया, बल्कि समाज में एकता, सेवा और समर्पण का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित किया
भूपतवाला में तीन दिवसीय संत समागम एवं विशाल भंडारा, 40वीं श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब

