हरिद्वार: मुख्य सचिव श्री आनंद वर्धन की अध्यक्षता में उत्तर रेलवे मुरादाबाद की डीआरएम श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के साथ मुख्य सचिव कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उत्तर रेलवे से संबंधित विभिन्न प्रकरणों एवं निर्माणाधीन व प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने विशेष रूप से ऋषिकेश-डोईवाला बाईपास रेलवे लाइन परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस परियोजना के अंतर्गत देहरादून से संबंधित क्षेत्र में राजा जी नेशनल पार्क के अंतर्गत आने वाली वन विभाग की 3.62 हेक्टेयर वन भूमि के उपयोग से जुड़े विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े सभी औपचारिकताओं को नियमानुसार शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि परियोजना में अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने कहा कि रेलवे परियोजनाएं राज्य के आर्थिक विकास, पर्यटन एवं आवागमन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्यों को आगे बढ़ाया जाना आवश्यक है।
बैठक में परियोजनाओं से जुड़ी तकनीकी, प्रशासनिक एवं पर्यावरणीय पहलुओं पर भी चर्चा हुई और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उत्तर रेलवे से जुड़े प्रकरणों व परियोजनाओं पर हुई समीक्षा बैठक

