अखिल भारत हिंदू महासभा का 112वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया

अखिल भारत हिंदू महासभा का 112वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया
कनखल स्थित राजपूत धर्मशाला में अखिल भारत हिंदू महासभा का 112वां स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को भारत को अखंड हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाया।
अपने संबोधन में डॉ. शर्मा ने कहा कि हिंदुओं को संगठित होकर अपने सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना होगा। उन्होंने देश के महान शहीदों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि महासभा के कार्यकर्ता हिंदू हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुओं की समस्याओं के समाधान के लिए भारत को अखंड हिंदू राष्ट्र बनाना आवश्यक है, जिससे उनके संरक्षण और संवर्धन में मजबूती आएगी।
उन्होंने आगे कहा कि यदि देश के प्रमुख पदों पर हिंदू नेतृत्व होगा तो समाज की सुरक्षा और प्रगति सुनिश्चित होगी। साथ ही, गौ माता की रक्षा, गौ हत्या पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंध, समान नागरिक संहिता का लागू होना तथा लव जिहाद पर रोक जैसे मुद्दों पर भी बल दिया गया।
महामंडलेश्वर स्वामी सहजानंद पुरी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू संस्कृति और सनातन धर्म की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदू संगठित होंगे तो अपने अधिकारों के लिए प्रभावी संघर्ष कर सकेंगे।
महामंडलेश्वर स्वामी आदि योगी पुरी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे बढ़कर हिंदू राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री वीरेश त्यागी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्थापना दिवस पर उमड़ी भारी भीड़ लोगों के उत्साह और समर्पण को दर्शाती है। वहीं श्री अखंड परशुराम अखाड़ा के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने सरकार से गौ माता को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने और गौ हत्या पर सख्त कानून बनाने की मांग की।
इस अवसर पर डॉ. जनार्दन उपाध्याय, अभय सिंह कुलकर्णी, पंडित अशोक शर्मा, स्वामी अरूमुगम, युधिष्ठिर त्यागी, सुनील कुमार, मोहन, अनिल पंवार, संजीव सिंह राणा, विवेक वशिष्ठ, गौरव त्यागी, मनोज त्यागी, मुकुल कुमार, अनिल कांत भटनागर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!