हरिद्वार में श्रीमद् भागवत साप्ताह ज्ञान महायज्ञ का भव्य समापन

हरिद्वार (उत्तराखण्ड)। श्री विग्रह की प्रतिष्ठा के पावन उपलक्ष्य में आयोजित श्रीमद् भागवत साप्ताह ज्ञान महायज्ञ का आज भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में समापन हुआ। यह दिव्य आयोजन 13 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक राधा मोहन कुंज, ऋषिकेश रोड, हरिपुर कलां, हरिद्वार में सम्पन्न हुआ ।
संपूर्ण सप्ताह के दौरान श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रसिद्ध धार्मिक चैनल आस्था चैनल पर भी किया गया, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु भी इस महायज्ञ से जुड़ सके।
कथा प्रवचन की अमृत वर्षा पूज्य श्रीमद् जगदगुरू निम्बार्काचार्य स्वभूराम द्वाराचार्य श्री राधा मोहन शरण देवाचार्य जी महाराज द्वारा की गई। उनके मुखारविंद से निकली श्रीमद् भागवत कथा ने श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संदेश दिया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म के महत्व तथा मानव जीवन के उद्देश्य पर विस्तृत प्रकाश डाला गया।
महायज्ञ के प्रतिष्ठापक कमलभान सिंह, विन्द्र सिंह, पारूल सिंह, पार्थ सिंह एवं सिद्धार्थ सिंह (निवासी धम्मौर, सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश) द्वारा पूरे आयोजन को श्रद्धा और समर्पण के साथ संपन्न कराया गया। अंतिम दिन 108 ब्राह्मणों को विधिवत भोजन कराया गया तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
समापन अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों का संवर्धन होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!