116वां श्री मुलतान जोत महोत्सव 23 अगस्त को, हरकी पैड़ी पर उमड़ेगा मुलतानी समाज

हरिद्वार, 16 अगस्त। हरिद्वार में 116वां श्री मुलतान जोत महोत्सव आगामी 23 अगस्त को श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में मुलतानी समाज के लोग हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा को जोत अर्पित करेंगे।

प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अखिल भारतीय मुल्तान युवा संगठन के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. महेन्द्र नागपाल ने बताया कि इस वर्ष जोत महोत्सव में कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। कार्यक्रम में असम के पूर्व राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, भाजपा के महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, संजय तलवार सहित टीवी एवं फिल्म जगत से जुड़े कलाकार भी उपस्थित रहेंगे। इनमें ‘टीवी एवं पुष्पा’ फिल्म के कलाकार अमर वाल्मीकि तथा ‘धुरंधर’ फिल्म के कलाकार शेख रईस करीम के शामिल होने की जानकारी दी गई।

1911 में भक्त रूपचंद ने शुरू की थी परंपरा

डॉ. महेन्द्र नागपाल ने बताया कि वर्ष 1911 में भक्त रूपचंद समाज में भाईचारे, शांति और सद्भाव की कामना को लेकर मुलतान से पदयात्रा करते हुए हरिद्वार पहुंचे थे। मुलतान, जो विभाजन के बाद पाकिस्तान का हिस्सा बन गया, वहां से हरिद्वार पहुंचकर भक्त रूपचंद ने सबसे पहले मां गंगा को जोत अर्पित की थी।

भक्त रूपचंद द्वारा शुरू की गई इस धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा को आज भी मुलतानी समाज पूरी श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा रहा है। देशभर के मुलतानी समाज के लोग कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद हरिद्वार पहुंचते हैं और हरकी पैड़ी पर मां गंगा को जोत अर्पित करते हैं।

दूध की होली और भव्य शोभायात्रा रहेगी आकर्षण

डॉ. नागपाल ने बताया कि इस वर्ष भी 23 अगस्त को हजारों श्रद्धालु हरकी पैड़ी पहुंचेंगे। यहां मां गंगा की पूजा-अर्चना के साथ दूध की होली खेली जाएगी और श्रद्धालु गंगा को जोत अर्पित करेंगे। महोत्सव के दौरान भव्य शोभायात्रा, सुंदरकांड पाठ सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि श्री मुलतान जोत महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भाईचारे, सामाजिक एकता, शांति और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का पर्व भी है। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पत्रकार वार्ता में संगठन के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र आहूजा, कोषाध्यक्ष सतपाल अरोड़ा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!