हरिद्वार में सावित्री ठाकुर ने किया मां मनसा देवी का पूजन, श्रीमहंत रविंद्रपुरी से लिया आशीर्वाद
हरिद्वार, 13 जून: मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सावित्री ठाकुर ने हरिद्वार पहुंचकर प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और देश व समाज के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मां मनसा देवी सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं और समाज का कल्याण करती हैं। उन्होंने मंत्री सावित्री ठाकुर की सराहना करते हुए कहा कि वे नरेंद्र मोदी और मोहन यादव की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही हैं, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को लाभ मिल रहा है।
इस दौरान श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने उन्हें अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले में हरिद्वार आने का निमंत्रण भी दिया।
सावित्री ठाकुर ने कहा कि हरिद्वार धर्म और अध्यात्म की नगरी है और मां मनसा देवी के दर्शन कर उन्हें अत्यंत सुखद अनुभूति हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि मां मनसा देवी और मां गंगा के आशीर्वाद से आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा विजय प्राप्त करेगी तथा 2029 के लोकसभा चुनाव में भी भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुनः देश का नेतृत्व करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार प्रयागराज महाकुंभ दिव्य और भव्य रूप में संपन्न हुआ, उसी प्रकार हरिद्वार कुंभ मेला भी सनातन संस्कृति की दिव्यता को प्रदर्शित करेगा।
इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत दर्शन भारती, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति, महंत राज गिरी सहित मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा, सीमा शर्मा और प्रबंधक महेश दुबे समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हरिद्वार में सावित्री ठाकुर ने किया मां मनसा देवी का पूजन, श्रीमहंत रविंद्रपुरी से लिया आशीर्वाद

