आगामी चुनाव की तैयारी में जुटी बसपा, संगठन में बड़ा फेरबदल


आगामी चुनाव की तैयारी में जुटी बसपा, संगठन में बड़ा फेरबदल
रुड़की, हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उत्तराखंड में अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए अनिल कुमार को उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही चौधरी प्रदीप कुमार को प्रदेश महासचिव और मदन पाल को हरिद्वार जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नई जिम्मेदारियां मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रीत विहार कॉलोनी स्थित कार्यालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ नवनियुक्त पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने पार्टी नेतृत्व और बसपा सुप्रीमो मायावती का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की नीतियों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक सक्रिय कर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेश महासचिव चौधरी प्रदीप कुमार और हरिद्वार जिलाध्यक्ष मदन पाल ने भी पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी को आगामी चुनाव में मजबूत स्थिति में लाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान भगवानपुर विधानसभा प्रभारी विनोद जयंत, रुड़की एवं झबरेड़ा विधानसभा प्रभारी सोहनवीर सिंह, रामलाल पटेल, धनराज, तेलूराम, रहतु सिंह, चौधरी संजय, लियाकत, तुलसीराम मौर्य, धनराज वर्मा, सोनी कुमार, सद्दाम, शहनवाज त्यागी, मेनपाल और आजादवीर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव में जीत का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!