हरिद्वार में “गौ सम्मान आवाहन अभियान” की प्रांतीय कार्यशाला सम्पन्न, देशव्यापी जनजागरण का आह्वान
हरिद्वार, उत्तराखंड। हरिद्वार के भूपतवाला स्थित चेतन ज्योति आश्रम में “गौ सम्मान आवाहन अभियान” के अंतर्गत एक दिवसीय प्रांतीय स्तरीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 8:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें संतगण, श्रद्धालु एवं विभिन्न शहरों से आए समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। देश के दूर-दूर से पहुंचे प्रतिभागियों ने गौ माता के प्रति अपनी श्रद्धा और विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं, इसलिए उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए।
संतगणों ने अपने उद्बोधन में गौ सेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ते हुए इसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने युवाओं और ग्रामीण समुदायों से आह्वान किया कि वे गौ संरक्षण के साथ-साथ गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए संगठित प्रयास करें।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में चल रहे गौ संरक्षण एवं गांव सम्मान से जुड़े कार्यों की जानकारी साझा की। अभियान को पूरे देश में प्रभावी रूप से विस्तार देने और जन-जागरूकता बढ़ाने की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी संतगण एवं भक्तों ने संकल्प लिया कि “गौ सम्मान आवाहन अभियान” को जन-जन तक पहुंचाकर इसे राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
यह कार्यशाला सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरण और गौ संरक्षण के प्रति समर्पण का सशक्त संदेश देकर संपन्न हुई।
हरिद्वार में “गौ सम्मान आवाहन अभियान” की प्रांतीय कार्यशाला सम्पन्न, देशव्यापी जनजागरण का आह्वान

