हरिद्वार: रूड़की शहर के व्यस्त इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक चाय की दुकान में अचानक एलपीजी सिलेंडर फट गया। जोरदार धमाके के साथ पूरी दुकान ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस हादसे में दुकान पर मौजूद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों के शीशे तक कांप उठे। विस्फोट के बाद इलाके में धुएं और चीख-पुकार का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। शुरुआती जांच में सिलेंडर में लीकेज के बाद आग लगने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।इस हादसे के बाद इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में डर और गुस्से का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि छोटे दुकानों में इस्तेमाल हो रहे गैस सिलेंडरों की नियमित जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
रुड़की में चाय की दुकान पर सिलेंडर ब्लास्ट, दो लोग गंभीर रूप से घायल, दुकान मलबे में तब्दील

