ध्यान योग महाकुंभ के प्रतिभागियों और स्वामी नारायण आश्रम ने निकाली जागरूकता रैली, करुणा, अहिंसा और सात्विक जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान
मुनिकीरेती। धर्म और अध्यात्म की नगरी मुनिकीरेती में मंगलवार को शाकाहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। ध्यान योग महाकुंभ के प्रतिभागियों एवं स्वामी नारायण आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली के माध्यम से लोगों को मांसाहार का त्याग कर शाकाहार अपनाने तथा स्वस्थ, सात्विक और करुणामय जीवनशैली की ओर कदम बढ़ाने का संदेश दिया गया।
रैली का शुभारंभ शीशमझाड़ी से हुआ। इसके बाद रैली कैलाश गेट और जानकी झूला होते हुए स्वामी नारायण घाट पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने शाकाहार के समर्थन में जागरूकता संदेश देते हुए लोगों को अहिंसा, जीवों के प्रति दया और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्वामी नारायण आश्रम के अध्यक्ष सुनील भगत ने कहा कि वर्तमान समय में विश्वभर में शाकाहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से मांसाहार का त्याग कर शाकाहारी जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शाकाहार केवल भोजन की एक पद्धति नहीं, बल्कि करुणा, संवेदना और जीवों के प्रति प्रेम की भावना को बढ़ावा देने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि समाज में अहिंसा और मानवीय मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए। शाकाहार के प्रति जागरूकता फैलाकर स्वस्थ जीवनशैली और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है।
रैली में ध्यान योग महाकुंभ के प्रतिभागियों, स्वामी नारायण आश्रम से जुड़े लोगों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से लोगों को शाकाहार अपनाने, अहिंसा के मार्ग पर चलने और प्रकृति व जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील रहने का प्रेरणादायक संदेश दिया गया।
संदेश: “करुणा को बनाएं जीवन का आधार, शाकाहार अपनाकर दें अहिंसा और सद्भाव का संदेश।”






