अहमदाबाद से हरिद्वार पहुंचे 1200 श्रद्धालु, भव्य पोथी यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ

गुरु मंडल आश्रम में भक्तिमय हुआ वातावरण, भागवताचार्य श्री विरम भाई प्रभात भाई देसाई के सानिध्य में शुरू हुई कथा

हरिद्वार। देवपुरा स्थित गुरु मंडल आश्रम में श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ के अवसर पर भव्य एवं दिव्य पोथी यात्रा का आयोजन किया गया। कथा व्यास भागवताचार्य श्री विरम भाई प्रभात भाई देसाई, अहमदाबाद (गुजरात) के पावन सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

श्रीमद् भागवत कथा के भाव एवं भक्ति रस का श्रवण करने के लिए अहमदाबाद, गुजरात से लगभग 1200 श्रद्धालु विशेष रूप से हरिद्वार पहुंचे। पोथी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का भाव देखने को मिला। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण धार्मिक जयघोष और भक्ति भाव से गुंजायमान रहा।

इस अवसर पर कथा व्यास भागवताचार्य श्री विरम भाई प्रभात भाई देसाई ने कहा कि, “श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन के कल्याण की सुधा रस है। यह साक्षात भगवान श्रीकृष्ण का विग्रह स्वरूप है, जिसके श्रवण एवं मनन से मनुष्य का लोक और परलोक दोनों सुधर जाते हैं।”

उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आख्यान नहीं, बल्कि मानव जीवन को सद्मार्ग, भक्ति और संस्कारों की ओर ले जाने वाली दिव्य ज्ञानधारा है। इसके श्रवण एवं मनन से मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है और उसे परमात्मा की भक्ति एवं कल्याण का मार्ग प्राप्त होता है।

कथा के शुभारंभ के अवसर पर गुरु मंडल आश्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरा आश्रम परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर धर्म एवं आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!