हरिद्वार में 21 फुट ऊंची भगवान शिव की भव्य प्रतिमा का अनावरण, शिवलिंग युक्त मंदिर की भी हुई स्थापना

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस, ओम पुल के निकट स्थित परिसर में सोमवार को भगवान शिव की 21 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह की गरिमामयी उपस्थिति तथा जगद्गुरु शंकराचार्य परम पूज्य स्वामी अनंतानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में परिसर में शिवलिंग युक्त भगवान शिव के मंदिर की भी स्थापना की गई। इस दौरान पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर सिंचाई मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर कहा कि हरिद्वार जैसी पावन धर्मनगरी में भगवान शिव की प्रतिमा और मंदिर की स्थापना श्रद्धा, आस्था तथा सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सनातन परंपरा के आधार स्तंभ हैं और उनकी आराधना मनुष्य को सत्य, सेवा, संयम तथा सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

जगद्गुरु शंकराचार्य परम पूज्य स्वामी अनंतानंद जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि हरिद्वार की पावन धरती का कण-कण मंदिर के समान है और यहां सनातन संस्कृति निरंतर उन्नति की ओर अग्रसर हो रही है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या समाज को संख्या अथवा शक्ति के आधार पर कम आंकना उचित नहीं है। रामायण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि रावण की सेना में हजारों-लाखों सैनिक थे, जबकि भगवान श्रीराम की सेना में सीमित संख्या में वानर और अन्य सहयोगी थे, लेकिन विजय अंततः सत्य और धर्म की ही हुई।

उन्होंने कहा कि जहां सत्य है, वहीं सनातन है और जहां सनातन है, वहीं विजय सुनिश्चित है। सनातन धर्म की शक्ति उसकी विशालता में नहीं, बल्कि सत्य, त्याग, धर्म और संस्कारों में निहित है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की यह भव्य प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करेगी।

कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया गया। इसके साथ ही शिवलिंग की स्थापना कर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं तथा विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर यतींद्रानंद महाराज, एसडीओ श्री भारत भूषण, मुख्य पुजारी पंडित विनय मिश्रा, जेई श्री कृष्ण कुमार सैनी, एक्शन श्री विकास त्यागी, महंत दिनेश दास महाराज सहित उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हरिद्वार में मां गंगा की पावन धारा के निकट भगवान शिव की दिव्य प्रतिमा का संत-महापुरुषों के पावन सानिध्य में अनावरण और शिवलिंग युक्त मंदिर की स्थापना श्रद्धालुओं के लिए आस्था एवं आध्यात्मिक गौरव का अवसर बना। कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति और सामाजिक सद्भाव का सुंदर संदेश प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!