हरिद्वार में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, पीड़ित ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
हरिद्वार, 3 जून 2026:
हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकियों का गंभीर आरोप लगाते हुए उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिवलोक कॉलोनी, हरिद्वार निवासी विशाल कुमार सिम्बल ने अपनी शिकायत में बताया कि गत वर्ष उनकी मुलाकात भारतीय मानक ब्यूरो में कार्यरत एक महिला से हुई थी। देहरादून-हरिद्वार के बीच नियमित यात्रा के दौरान दोनों के बीच परिचय बढ़ा। इसी दौरान महिला ने उनके बेटे को भारतीय मानक ब्यूरो में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया।
आरोप है कि महिला की बातों में आकर विशाल सिम्बल ने अपने बेटे और भतीजे की नौकरी के लिए लगभग 5 लाख रुपये (2.5-2.5 लाख) दिए। महिला द्वारा इंटरव्यू भी करवाया गया, लेकिन नौकरी नहीं मिली। इसके अलावा, महिला लगातार उनसे महंगे उपहार भी लेती रही।
पीड़ित के अनुसार, जब लंबे समय तक कोई परिणाम नहीं मिला तो उन्होंने अपनी पत्नी को पूरी बात बताई। पत्नी द्वारा पैसे और सामान वापस मांगने पर महिला ने खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और मंत्रियों से जुड़ा बताया और एक अज्ञात व्यक्ति से कॉल करवाकर धमकाया गया कि यदि कोई मांग की गई तो झूठे केस में फंसा दिया जाएगा।
इस घटना के बाद पीड़ित की पत्नी भयभीत हो गई और उसकी तबीयत भी बिगड़ गई। आरोप है कि महिला एक अन्य महिला के साथ उनके घर आई और उल्टा उन पर 5 लाख रुपये लेने का झूठा आरोप लगाते हुए धमकाकर चली गई।
पीड़ित ने अगले दिन एसएसपी कार्यालय जाकर जांच की, जहां पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति पुलिस से संबंधित नहीं था। पीड़ित के पास लेन-देन और दिए गए सामान के प्रमाण भी मौजूद हैं। साथ ही, महिला के परिजनों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित विशाल सिम्बल ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने, अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी झूठे मुकदमे से बचाने की मांग की है

