श्री गुप्तानन्द वेदांत आश्रम में गंगा दशहरा पर विशाल संत समागम एवं भंडारे का भव्य आयोजन

श्री गुप्तानन्द वेदांत आश्रम में गंगा दशहरा पर विशाल संत समागम एवं भंडारे का भव्य आयोजन
हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित प्रसिद्ध श्री गुप्तानन्द वेदांत आश्रम में दशहरा (गंगा दशहरा) के पावन पर्व पर विशाल संत समागम एवं भंडारे का भव्य आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मां गंगा की पावन धरा पर आयोजित इस दिव्य कार्यक्रम में संत महापुरुषों एवं श्रद्धालुओं का भारी जनसमूह उमड़ पड़ा।
प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान स्वामी गुप्तानन्द वेदांत जी महाराज की कृपा एवं आशीर्वाद से आयोजित इस कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, भजन-कीर्तन, सत्संग और संतों के पावन वचनों से पूर्णतः आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। श्रद्धालु पूरे समय भक्ति रस में लीन दिखाई दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत स्वामी ओमानंद जी महाराज ने कहा कि भक्ति ही मनुष्य के जीवन का सच्चा कल्याण मार्ग है। उन्होंने बताया कि ईश्वर भक्ति और गुरु कृपा से ही मानव जीवन सफल और सार्थक बनता है। संतों के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन में शांति, सद्भाव और आत्मिक सुख की प्राप्ति कर सकता है।
इस पावन अवसर पर संत महापुरुषों ने धर्म, सेवा, सत्संग एवं मानव कल्याण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज, स्वामी वीरेंद्रानंद जी, महंत दुर्गादास महाराज, महंत प्रह्लाद दास महाराज, महंत बिहारी शरण महाराज, स्वामी अंकित शरण महाराज, कोतवाल कमल मुनि महाराज सहित अनेक संत महापुरुषों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। हरिद्वार की पावन धरा पर मां गंगा के आशीर्वाद स्वरूप गंगा दशहरा के इस पावन अवसर पर आयोजित यह संत समागम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक एकता का अद्भुत उदाहरण बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!