कनखल (हरिद्वार):
कनखल स्थित प्रसिद्ध श्री निर्मल संतपुरा आश्रम के तत्वाधान में एक विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत शुभारंभ आश्रम के परमाध्यक्ष, अनंत विभूषित श्री महंत जगजीत सिंह जी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए श्री महंत जगजीत सिंह महाराज ने ब्रह्मलीन पूज्य गुरुदेव वेदांताचार्य श्री रघुवर दास जी महाराज का पुण्य स्मरण किया। उन्होंने कहा, “पूज्य गुरुदेव इस पृथ्वी लोक पर ज्ञान के एक विशाल सागर थे। उनकी शिक्षाएं और मार्गदर्शन आज भी हमारे मन-मस्तिष्क में जीवंत हैं। उन्होंने सदैव ‘कर भला तो हो भला’ का मार्ग दिखाया है और हम उन्हीं के बताए सेवा मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं।”
महाराज जी ने स्वास्थ्य के महत्व पर बल देते हुए कहा कि निरोगी शरीर ही सबसे बड़ा सुख है। उन्होंने कहा, “सतगुरु देव वाहेगुरु और शास्त्रों के अनुसार, इस शरीर को स्वस्थ और सुरक्षित रखना हर मनुष्य का परम कर्तव्य है। यदि शरीर निरोगी है, तो मनुष्य हर कठिनाई का सामना कर सकता है, क्योंकि स्वास्थ्य ही वास्तविक पूंजी है।”
विशेषज्ञों ने दी सेवाएं:
चिकित्सा शिविर में विभिन्न रोगों के अनुभवी चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मुख्य रूप से डॉ. आकाश भारद्वाज, डॉ. आकांक्षा, डॉ. भगत सिंह और सुनीता जी ने सैकड़ों रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें उचित परामर्श व दवाइयां वितरित कीं।
सैकड़ों लोग हुए लाभान्वित:
पूज्य गुरुदेव की पावन स्मृति में आयोजित इस शिविर का लाभ उठाने के लिए सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय निवासियों ने आश्रम द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना की। इस दौरान आश्रम के सेवादार और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

