हरिद्वार, 16 फरवरी 2026
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कनखल स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री तिलभाण्डेश्वर महादेव मन्दिर में आयोजित 31वें त्रिदिवसीय विश्व शांति महायज्ञ का सोमवार को विधिवत पूर्णाहुति के साथ भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने भाग लेकर विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ 14 फरवरी (शनिवार) को प्रातः 8:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ विश्व शांति यज्ञ से हुआ। 15 फरवरी (रविवार) को दोपहर 1:00 बजे भव्य शोभायात्रा एवं शिव विवाह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल हुए। सायं 8:00 बजे चतुर्थ प्रहर पूजा संपन्न हुई, जिसमें मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा।
सोमवार, 16 फरवरी को प्रातः 5:00 बजे श्रृंगार आरती की गई, जिसमें भगवान शिव का मनोहारी श्रृंगार कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात प्रातः 10:30 बजे वैदिक आचार्यों द्वारा यज्ञ की पूर्णाहुति सम्पन्न कराई गई।
पूर्णाहुति के उपरांत प्रातः 11:30 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर ट्रस्ट समिति, सेवादारों एवं भक्तों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का आयोजन श्री तिलभाण्डेश्वर ट्रस्ट समिति (रजि.) एवं समस्त भक्तों द्वारा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और भक्तों ने विश्व शांति एवं समाज के कल्याण की प्रार्थना की।
प्राचीन सिद्धपीठ श्री तिलभाण्डेश्वर महादेव मन्दिर में 31वें त्रिदिवसीय विश्व शांति महायज्ञ का भव्य समापन, 16 फरवरी को विशाल भंडारे का आयोजन

