श्यामपुर कांगड़ी में तालाब में फंसी गौ माता को सुरक्षित बचाया गया


हरिद्वार, 16 फरवरी 2026
श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र में सोमवार शाम एक सराहनीय मानवीय पहल देखने को मिली, जब राष्ट्रीय बजरंग दल हरिद्वार की गौ रक्षा टीम ने तालाब में फंसी एक गौ माता को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम लगभग 4 बजे योगेश सिंग्वाल, नगर अध्यक्ष, राष्ट्रीय बजरंग दल हरिद्वार को ऑटो चालक नरेश कुमार का फोन प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि श्यामपुर कांगड़ी गाजी वाले क्षेत्र के पास एक तालाब में एक गौ माता पिछले कई दिनों से फंसी हुई है और उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर है।
सूचना मिलते ही योगेश सिंग्वाल ने तुरंत गौ रक्षा टीम को सक्रिय किया और जेगेश गिरी, अध्यक्ष, गौ रक्षा केंद्र को इसकी जानकारी दी। जेगेश गिरी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत और प्रयासों के बाद टीम ने तालाब में फंसी गौ माता को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि गौ माता लगभग तीन दिनों से पानी में फंसी हुई थी। ठंड के कारण वह कांप रही थी तथा कई दिनों से भूखी-प्यासी थी। टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और हरा चारा, गुड़ व चने की व्यवस्था कर उसकी देखभाल की।
स्थानीय लोगों की सहायता से यह पता चला कि गौ माता पालतू है और उसके मालिक प्रताप सिंह गांधी, निवासी श्यामपुर कांगड़ी, पिछले कई दिनों से उसे खोज रहे थे। पहचान होने के बाद गौ माता को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने पशु को सकुशल पाकर मालिक ने गौ रक्षा टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अभियान में गौ रक्षक पवन, कमल ठाकुर, सोनू, आकाश और जगराम सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। नगर अध्यक्ष योगेश सिंग्वाल ने पूरी टीम की तत्परता और बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि संगठन सदैव गौ सेवा और संरक्षण के लिए समर्पित है।
क्षेत्र में इस कार्य की व्यापक प्रशंसा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!