ज्वालापुर में महिला सशक्तिकरण की नई पहल: श्रीमती चंचल कौर बनीं ज्वालापुर नगर मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष, पार्षद हरविंदर सिंह ने किया भव्य स्वागत

हरिद्वार: ज्वालापुर, 12 फरवरी 2026।
ज्वालापुर में भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा को नया नेतृत्व मिला है। श्रीमती चंचल कौर को ज्वालापुर नगर मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष के रूप में चयनित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय व्यापार मंडल (रजि.) के शहर अध्यक्ष एवं वार्ड 43 के भाजपा पार्षद हरविंदर सिंह ने अपने कार्यालय में उनका स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय व्यापार मंडल (रजि.) के उपाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, महामंत्री अर्पण ग्रोवर तथा वार्ड 43 की बड़ी संख्या में महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित महिलाओं ने श्रीमती चंचल कौर को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलने की आशा व्यक्त की।
इस मौके पर पार्षद हरविंदर सिंह ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी सदैव महिलाओं को सम्मान देने और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने में अग्रणी रही है। श्रीमती चंचल कौर के नेतृत्व में महिला मोर्चा निश्चित रूप से नई ऊंचाइयों को छुएगा और संगठन को सशक्त बनाएगा।”
पदभार ग्रहण करने के बाद श्रीमती चंचल कौर ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे महिलाओं के उत्थान, अधिकारों की सुरक्षा और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।
कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!