हरिद्वार। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर, हरिद्वार में हिन्दू समाज की एकता, जागरण एवं सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने के उद्देश्य से विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।सम्मेलन के संरक्षक के रूप में पूज्य महंत विष्णुदास जी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनके मार्गदर्शन से आयोजन को आध्यात्मिक एवं वैचारिक दिशा प्राप्त हुई। कार्यक्रम के संयोजक मुकेश गोयल एवं सह-संयोजक मनोज मित्ती ने आयोजन की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। सचिव चंद्रशेखर कर्ण द्वारा कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया, जबकि कोषाध्यक्ष राकेश गोयल एवं सह-कोषाध्यक्ष करणेश सैनी ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस अवसर पर विद्या भारती उत्तराखंड के प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजय पाल सिंह जी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा और संस्कृति के माध्यम से ही समाज को संगठित और सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताते हुए हिन्दू समाज में सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर बल दिया।सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने हिन्दू समाज की एकता, परंपराओं के संरक्षण एवं भावी पीढ़ी में संस्कारों के संवर्धन पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के प्रति समर्पण भाव के साथ किया गया।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर में विराट हिन्दू सम्मेलन का हुआ आयोजन

