उत्तरांचल पंजाबी महासभा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल गुरमीत सिंह जी को जन्मदिवस पर दी शुभकामनाएं

हरिद्वार/देहरादून। उत्तरांचल पंजाबी महासभा जिला हरिद्वार के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड प्रदेश के महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सरदार गुरमीत सिंह जी के जन्मदिवस के अवसर पर 1 फरवरी को देहरादून स्थित उनके राजभवन आवास पर पहुंचकर उन्हें समाज की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्रतिनिधिमंडल ने हरिद्वार के समस्त समाज एवं उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से महामहिम राज्यपाल जी को शुभेच्छाएं प्रेषित करते हुए सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर उनकी आदरणीय धर्मपत्नी एवं उत्तराखंड प्रदेश की प्रथम महिला जी का भी संस्था को स्नेहिल आशीर्वाद प्राप्त हुआ, जिससे उपस्थित सभी सदस्य भावविभोर हो उठे।महामहिम राज्यपाल गुरमीत सिंह जी ने उत्तरांचल पंजाबी महासभा जिला हरिद्वार द्वारा आयोजित लोहड़ी मेले की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी मेल-जोल, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने महासभा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए सभी सदस्यों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करते रहने का संदेश दिया।इस अवसर पर समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा जी ने भी महामहिम राज्यपाल जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं और समाजहित में उनके योगदान की सराहना की।कार्यक्रम के अंत में उत्तरांचल पंजाबी महासभा जिला हरिद्वार की ओर से महामहिम राज्यपाल जी एवं उनकी धर्मपत्नी का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!