हरिद्वार।गुजरात से आए कबीरपंथी समाज द्वारा समाज में उपदेश, प्रचार-प्रसार एवं भक्ति मार्ग की प्रेरणा देने के उद्देश्य से हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम में सात दिवसीय भागवत कथा का भव्य आयोजन किया गया है। यह कथा 4 फरवरी से प्रारंभ हुई, जो सात दिनों तक चलेगी।इस पावन आयोजन का मुख्य उद्देश्य सदगुरु कबीर साहेब की वाणी, उनके श्रीमद् ब्रह्म निरूपण एवं जीवन चरित्र के माध्यम से समाज में सनातन धर्म को सुदृढ़ करना और मानव कल्याण का संदेश देना है। कथा के माध्यम से भक्तों को सत्य, प्रेम, समानता और आध्यात्मिक जीवन मूल्यों की प्रेरणा दी जा रही है।कथा में भाग लेने के लिए गुजरात से हजारों की संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं। गंगा के पावन तट पर कथा श्रवण का सौभाग्य पाकर सभी भक्त अत्यंत प्रसन्न एवं भाव-विभोर नजर आ रहे हैं। श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कथा का आनंद ले रहे हैं और सदगुरु कबीर साहेब के वचनों को अपने जीवन के लक्ष्य के रूप में अपनाने का संकल्प कर रहे हैं।कथा के शुभारंभ से पूर्व कल सायंकाल भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें कबीरपंथी समाज के अनुयायियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शोभायात्रा के पश्चात आज प्रातः विधिवत रूप से कथा का शुभारंभ हुआ।आयोजन में समाज के सभी वर्गों का पूर्ण सहयोग देखने को मिल रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक चेतना का विकास होता है तथा नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं से जोड़ने का कार्य होता है।सात दिवसीय यह भागवत कथा समाज के हित में एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक प्रयास है, जो सदगुरु कबीर साहेब के मार्ग पर चलने और उनके वचनों के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है।
हरिद्वार में कबीरपंथी समाज द्वारा सात दिवसीय कथा का भव्य शुभारंभ सदगुरु कबीर साहेब की वाणी से सनातन धर्म और भक्ति मार्ग का संदेश

