हरिद्वार। ब्रह्मलीन गुरुदेव भगवान, परम पूज्य त्यागमूर्ति महंत दर्शन सिंह जी महाराज की षष्ठम पुण्यतिथि के अवसर पर श्री देवपुरा आश्रम ट्रस्ट समिति, देवपुरा चौक हरिद्वार द्वारा आश्रम परिसर में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह पावन अवसर प्रातः स्मरणीय गुरुदेव भगवान परम पूज्य श्री महेंद्र दर्शन सिंह जी महाराज की सान्निध्य परंपरा में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
पुण्यतिथि के अवसर पर प्रातःकालीन पूजन, हवन एवं विशेष प्रार्थनाओं के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने गुरुदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में ब्रह्मलीन महंत दर्शन सिंह जी महाराज के त्याग, तपस्या और समाज सेवा से परिपूर्ण जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरुदेव का संपूर्ण जीवन मानवता, सेवा और आध्यात्मिक उत्थान के लिए समर्पित रहा, जो आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित संतों ने गुरुदेव की शिक्षाओं को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आश्रम में दिनभर भजन-कीर्तन, सत्संग एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संतगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में विश्व शांति, राष्ट्र कल्याण और जनमंगल की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
श्री देवपुरा आश्रम में ब्रह्मलीन त्यागमूर्ति महंत दर्शन सिंह महाराज की पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई

