17 जनवरी 2026:
निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद व मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस उच्च स्तरीय मुलाकात के दौरान हरिद्वार कुंभ के साथ-साथ नासिक और उज्जैन में होने वाले आगामी महाकुंभ मेलों के भव्य आयोजन और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कुंभ स्नान का दिया निमंत्रण
मुलाकात के दौरान पूज्य संतों ने गृह मंत्री को ‘मां दक्षिण काली की महिमा’ पर आधारित एक विशेष पुस्तक भेंट की। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज और श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने अमित शाह को हरिद्वार कुंभ मेले में पावन गंगा स्नान के लिए आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। इस अवसर पर गृह मंत्री को मां की चुनरी और प्रसाद भेंट कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
सनातन परंपराओं का सुदृढ़ीकरण
आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में देश की सनातन परंपराएं अत्यंत सुदृढ़ और गौरवान्वित हुई हैं। उन्होंने प्रयागराज में संपन्न हुए भव्य महाकुंभ का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे न केवल भारत में, बल्कि पूरे विश्व में सनातन धर्म और संस्कृति के प्रति एक नई चेतना और सम्मान का भाव जागा है।
आगामी महाकुंभ की तैयारी
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने गृह मंत्री को आगामी कुंभ मेलों की तैयारियों और अखाड़ा परिषद की योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वय से आगामी नासिक और उज्जैन महाकुंभ भी ऐतिहासिक और दिव्य होंगे, जो पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति की महानता का संदेश देंगे।
गृह मंत्री अमित शाह ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और आश्वस्त किया कि सरकार सनातन संस्कृति के संरक्षण और धार्मिक आयोजनों को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
अमित शाह से मिले निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज और श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, हरिद्वार कुंभ और आगामी महाकुंभ आयोजनों पर हुई चर्चा

